लगातार चौथे दिन गिरे शेयर बाजार (राउंडअप)
मुंबई, 20 नवंबर (आईएएनएस)। देश के शेयर बाजारों में लगातार चौथे दिन गिरावट जारी रहा। गुरुवार को सेंसेक्स 323 और निफ्टी 82 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुए।
बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' बुधवार के मुकाबले 322.77 अंकों (3.68 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 8,451.01 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 8,540.46 के सबसे ऊपरी स्तर और 8,316.39 के सबसे निचले स्तर भी पहुंचा था।
गुरुवार सुबह सेंसेक्स बुधवार के मुकाबले 372.90 अंक गिरकर 8,400.88 पर खुला। बुधवार को सेंसेक्स 8,773.78 पर बंद हुआ था।
नेशनल स्टाक एक्सचेंज का 50 शेयरों पर आधारित सूचकांक 'निफ्टी' भी 81.85 अंकों (3.11 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 2553.15 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 2,634.20 के सबसे ऊपरी स्तर और 2502.90 के सबसे निचले स्तर पर भी पहुंचा था।
निफ्टी सुबह 0.80 अंक की मामूली गिरावट के साथ 2,634.20 पर खुला। बुधवार को निफ्टी 2635.00 पर बंद हुआ था।
बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप सूचकांक भी गिरावट के साथ बंद हुए। मिडकैप सूचकांक 102.60 की गिरावट के साथ 2,895.79 पर और स्मालकैप 107.78 की गिरावट के बाद 3,385.34 पर बंद हुआ।
बीएसई में कारोबार के दौरान सबसे अधिक गिरावट रियल्टी, टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं (कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 'सीडी') और तेल तथा गैस क्षेत्र के शेयरों में हुई। रियल्टी क्षेत्र के शेयरों में 8.30 प्रतिशत, सीडी के शेयरों में 4.95 फीसदी और तेल तथा गैस के शेयरों में 4.64 प्रतिशत की गिरावट आई।
बीएसई में कारोबार का रुख नकारात्मक बना रहा और केवल 594 कंपनियों के शेयरों के मूल्यों में ही वृद्धि हुई,जबकि 1899 कंपनियों के शेयर मूल्यों में गिरावट हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।