अदन की खाड़ी में अधिक युद्धपोतों को तैनात करेगी नौसेना (लीड-1)
नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। अदन की खाड़ी में सोमालियाई समुद्री लुटेरों की अपहरण की कोशिश को सफलतापूर्वक नाकाम करने के बाद भारतीय नौसेना इस क्षेत्र में और अधिक युद्धपोतों की तैनाती करेगी। यह क्षेत्र दुनिया का सबसे व्यस्त समुद्री मार्ग है इन दिनों बुरी तरह समुद्री लुटेरों की चपेट में है।
सोमालिया के समुद्री लुटेरों के खतरों को भांपते हुए भारतीय नौसेना ने इस तरह का फैसला किया है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अदन की खाड़ी में निगरानी बढ़ाने की मांग को देखते हुए जहाजरानी मंत्रालय ने कम से कम चार और युद्धपोतों को इस क्षेत्र में तैनात करने की योजना बनाई है।
नाम नहीं बताने की शर्त पर अधिकारी ने बताया, "हम मानते हैं कि एक जहाज से कुछ सफलता मिली है लेकिन वह पर्याप्त नहीं है। हम इस पर ध्यान दे रहे हैं कि यहां नौसेना की उपस्थिति को कैसे मजबूत बनाया जाए।"
अधिकारी ने बताया, " इस संबंध में जहाजरानी मंत्रालय और व्यापार संगठनों समेत कई के प्रस्ताव लंबित है।"
दरअसल अदन की खाड़ी भारत में तेल आपूर्ति के लिए एक महत्वपूर्ण मार्ग है। इसी के मद्देनजर और अधिक युद्धपोतों को तैनात करने की मांग की गई थी।
नौसेना के युद्धपोत आईएनएस तबर ने मंगलवार रात को लुटेरों की एक कोशिश को नाकाम करते हुए उनकी मुख्य पोत को डुबो दिया था। युद्धपोत ने पिछले सप्ताह 35 जहाजों को सुरक्षा प्रदान की थी।
गौरतलब है कि इस वर्ष अब तक समुद्री लुटेरे अदन की खाड़ी में अपहरण की 95 कोशिशें कर चुके हैं। फिलहाल उन्होंने 13 जहाजों को अगवा कर रखा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।