भारत के साथ सीमा विवाद में चीन की मदद चाहता है नेपाल
काठमांडू, 20 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के साथ कालापानी से संबंधित सीमा विवाद सुलझाने के लिए नेपाल चीन की मदद चाहता है।
नेपाल के रक्षामंत्री रामबहादुर थापा और गृहमंत्री बामदेव गौतम ने गुरुवार को नेपाल दौरे पर आए चीनी सेना के उच्चस्तरीय दल के साथ कालापानी विवाद के हल की प्रक्रिया में चीन को शामिल करने की संभावना पर चर्चा की।
कालापानी नेपाल के धारचूला जिले से 75 किलोमीटर पश्चिम में है। यहां चीन, भारत और नेपाल की सीमाएं मिलती हैं। वर्ष 1962 में भारत-चीन युद्ध के समय भारतीय सेना द्वारा इस क्षेत्र पर कब्जा करने के बाद से यह विवाद आरंभ हुआ।
भारत के साथ नेपाल की 1800 किलोमीटर लंबी सीमा है और इसके 75 जिलों में से करीब आधे में सीमा विवाद है।
बामदेव गौतम जो नेपाल के उपप्रधानमंत्री भी हैं ने चीनी प्रतिनिधिमंडल से भेंट के बाद संवाददाताओं से कहा कि नेपाली सरकार का विचार है कि सीमा वार्ता में तीनों देशों को शामिल किया जाना चाहिए।
चीनी प्रतिनिधिमंडल ने नेपाल से उत्तरी सीमा को निश्चित करने का आग्रह किया जिससे तिब्बत के भगोड़ों पर लगाम लगाई जा सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।