भारतीय मूल का पत्रकार ब्रिटेन के साहित्यिक पुरस्कार की होड़ में
लंदन, 19 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय मूल के 'द टाइम्स' के पत्रकार सतनाम सांघेरा की पुस्तक को ब्रिटेन के वर्ष 2008 के कोस्टा बुक पुरस्कारों की अंतिम सूची में शामिल किया गया है।
एक प्रवासी सिख परिवार के सतनाम की पुस्तक को 'जीवनी' श्रेणी में अंतिम पांच पुस्तकों में स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपन्यास में सतनाम ने अपने परिवार के इतिहास का वर्णन किया है।
सतनाम की पुस्तक उनकी मां के पत्र से शुरू होती है जिसमें उन्होंने बताया है कि क्यों वे घरवालों की मर्जी से तय विवाह के लिए राजी नहीं थी। उनकी मां अंग्रेजी नहीं जानती इसके बावजूद उन्होंने ब्रिटेन में अपने परिवार को संभाला।
सतनाम ने कहा कि उनकी मां अंग्रेजी नहीं पढ़ पाने के बावजूद जानना चाहती थीं कि किताब में उनके बारे में क्या लिखा है। सतनाम ने उनको पंजाबी में समझाया। इससे वे काफी प्रसन्न हुईं।
सतनाम ब्रिटेन में 1976 में पैदा हुए और कैंब्रिज से स्नातक होने के बाद 1998 में इकोनामिक टाइम्स में कार्य आरंभ किया। वर्ष 2007 में वे द टाइम्स में आए।
कोस्टा बुक पुरस्कार को ब्रिटेन में काफी प्रतिष्ठित समझा जाता है। 1971 में इसे व्हाइटबर्ड बुक पुरस्कार के रूप में स्थापित किया गया था। वर्ष 2006 से इसे इसके मौजूदा मालिकों कोस्टा काफी के नाम पर कोस्टा बुक अवार्ड्स के नाम से जाना जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।