ध्यानचंद को समर्पित है 'हॉकी के जादूगर'
नई दिल्ली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। दुनिया में भारतीय हॉकी के गौरव और प्रतीक माने जाने वाले मेजर ध्यानचंद को समर्पित 'हॉकी के जादूगर' पुस्तक का बुधवार को विमोचन किया गया।
'दद्दू' नाम से मशहूर ध्यानचंद के पुत्र अशोक कुमार की पत्नी मीना उमेश ने अपने पति के सहयोग से इस पुस्तक में दद्दू से जुड़ी बहुमूल्य यादों को समेटने का प्रयास किया है।
दद्दू के इस दुनिया को अलविदा कहे 36 वर्ष बीत चुके हैं लेकिन हॉकी को लेकर उनसे जुड़ी घटनाएं लोग आज भी उसी चाव से सुना करते हैं, जैसा उनके जिंदा रहते सुना करते थे।
केंद्रीय खेल व युवा मामलों के मंत्री एम.एस. गिल ने ध्यानचंद पर केंद्रित इस पुस्तक का विमोचन किया। ध्यानचंद की बहू मीना झांसी स्थिति नवोदय विद्यालय में इतिहास की लेक्चरर हैं।
इस अवसर पर मीना ने कहा, "मेरे ससुर के बारे में ऐसी कई रोचक बातें हैं, जिन्हें मैं लोगों तक पहुंचाना चाहती थी। सब उनकी कामयाबी से परिचित हैं लेकिन मैंने उनके व्यक्तित्व और परिवार के बारे में लिखा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।