राजस्थान में बाल विज्ञान कांग्रेस 19 नवंबर से
जयपुर, 18 नवंबर (आईएएनएस)। राज्यस्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस 19 से 21 नवंबर तक सेंट जेवियर स्कूल जयपुर में आयोजित की जाएगी। इसका उद्घाटन 19 नवंबर को आयुक्त, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा किया जाएगा। इनमें से श्रेष्ठ 30 परियोजनाओं का चयन राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2008 के लिए किया जाएगा जो दीमापुर (नागालैंड) में राज्य का प्रतिनिधित्व 27 से 31 दिसम्बर 2008 को करेंगे।
इस दौरान 19 व 20 नवंबर को बच्चे अपनी परियोजनाओं की प्रस्तुति देंगे। इससे राज्य के सभी जिलों में 100 चयनित परियोजनाओं के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बुलाया गया है।
बाल विज्ञान कांग्रेस में 10 से 17 वर्ष के बच्चे भाग ले सकते हैं। राज्य में इसे तीन चरणों में आयोजित किया जाता है। प्रथम चरण में शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाता है जिससे वे बच्चों से परियोजना तैयार करवा सकें। तैयार परियोजनाओं को पहले जिला स्तर पर बच्चों द्वारा प्रस्तुत किया जाता है और जिला स्तर पर चयनित परियोजनाओं को राज्य स्तर पर प्रस्तुतिकरण हेतु बुलाया जाता है।
देश भर के सभी स्तर के बच्चों के लिए अपनी प्रतिभा का उपयोग करने, प्राकृतिक जिज्ञासा एवं सृजन शक्ति की अभिव्यक्ति के लिए मंच प्रदान करने एवं विज्ञान, विधि, समस्याओं की पहचान, अवलोकन, आंकड़ों का संकलन, प्रयोग, विशेषण एवं उन पर आधारित निष्कर्ष निकाल कर वैज्ञानिक प्रवृत्ति विकसित करने के लिए इस कांग्रेस का आयोजन किया जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।