विस चुनाव : भाजपा ने कहा, दिल्ली को दुनिया का सर्वोत्तम शहर बनाएंगे
नई दिल्ली, 18 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली विधानसभा का आगामी चुनाव यदि जीतती है तो वह दिल्ली को दुनिया का सर्वोत्तम शहरों की तर्ज पर विकसित करेगी। पार्टी ने मंगलवार को अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी करते हुए और भी कई लोकलुभावन वादे किए हैं।
भाजपा ने कहा कि यदि उसे दिल्ली विधानसभा में सफलता मिलती है तो वह विकास योजनाओं के लिए अधिग्रहित की जाने वाली किसानों की प्रति एकड़ जमीन के एवज में दो करोड़ रुपए मुआवजे के रूप में देगा।
पिछले दस सालों से दिल्ली में राज कर रही कांग्रेस पर बरसते हुए भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार विजय कुमार मल्होत्रा ने कहा कि उनकी पार्टी देश की राजधानी का कायाकल्प करने के लिए दृढ़संकल्प है। उन्होंने कहा, "हम यदि सत्ता में आए तो देश की राजधानी को सुंदर, स्वच्छ और हरा-भरा बनाएंगे।"
घोषणा पत्र में कहा गया है, "दिल्ली मिनी इंडिया है और भिन्न-भिन्न भाषाएं व बोलियां बोलने वाले यहां सभी राज्यों के लोग आते हैं। ऐसे लोगों की संस्कृति, भाषा और क्षेत्रीय चरित्र का हम पूरा सम्मान करेंगे।"
पार्टी ने यह वादा भी किया है कि यदि वह सत्ता में आई तो सभी अनाधिकृत कॉलोनियों को नियमित कर देगी। पार्टी ने जल व बिजली की समस्या का निराकरण करने का भी वादा किया है।
मल्होत्रा ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "बिजली आपूर्ति करने वाली निजी कंपनियों पर लगाम कसी जाएगी और तेजी से भाग रहे बिजली के मीटरों को बदला जाएगा।"
मल्होत्रा ने राजधानी में 50 नए कॉलेज खोलने का भी वादा किया है। साथ ही उन्होंने उच्चस्तरीय गुणवत्ता संपन्न लाइब्रेरी और रीडिंग रूम विकसित करने का भी वादा किया। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के छह महीने के अंदर वे कॉमनवेल्थ गांव विकसित करेंगे।
इस मौके पर दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष डा. हर्षवर्धन ने कहा कि उनकी पार्टी में आई तो आए दिन जनता को होने वाली ट्राफिक की समस्या से निजात दिलाएगी। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न अस्पतालों में 10 हजार बेड लगाने करने का वादा किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*