लगातार दूसरे दिन भी गिरावट के साथ बंद हुए शेयर बाजार (राउंडअप)
मुंबई, 18 नवंबर (आईएएनएस)। देश के शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी गिरावट जारी रही। सेंसेक्स 354 और निफ्टी 116 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ।
बंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' सोमवार के मुकाबले 354 अंकों (3.81प्रतिशत) की गिरावट के साथ 8,937.20 पर बंद हुआ। मंगलवार सुबह सेंसेक्स 206.89 अंकों की गिरावट के साथ 9,084.12 पर खुला था।
कारोबार के दौरान सेंसेक्स 9,169.05 के सबसे ऊपरी और 8,871.71 के सबसे निचले स्तर पर भी पहुंचा था। सोमवार को सेंसेक्स 9,291.01 पर बंद हुआ था।
नेशनल स्टाक एक्सचेंज का 50 शेयरों पर आधारित सूचकांक 'निफ्टी' भी 116.40 अंकों (4.16 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 2683.15 पर बंद हुआ। निफ्टी सुबह 2.9 अंकों की बढ़त के साथ 2,802.45 पर खुला।
कारोबार के दौरान निफ्टी ने भी 2,802.45 के सबसे ऊपरी और 2,664.30 के निचले स्तर को छुआ था। सोमवार को निफ्टी 2,799.55 पर बंद हुआ था।
बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप सूचकांक भी गिरावट के साथ बंद हुए। मिडकैप सूचकांक 73.04 अंकों (2.33 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 3,060.32 पर और स्मालकैप 102.73 अंकों (2.81 प्रतिशत)की गिरावट के बाद 3,558.66 पर बंद हुआ।
कारोबार के दौरान तकनीकी कंपनियों ,सूचना प्रौद्योगिकी और ऊर्जा क्षेत्र के शेयरों में सबसे अधिक गिरावट देखी गई। तकनीकी कंपनियों के शेयरों में 4.96 प्रतिशत और बैंकिंग के शेयरों में 4.70 प्रतिशत की गिरावट आई। ऊर्जा कंपनियों के शेयरों में 4.67 फीसदी की गिरावट हुई।
बीएसई में कारोबार का रूख नकारात्मक रहा और 1831 कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई। केवल 661 कंपनियों के शेयरों के मूल्यों में वृद्धि हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*