व्यापार मेला : जल संरक्षण के नवीन साधनों का प्रदर्शन
नई दिल्ली, 18 नवंबर (आईएएनएस)। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहे 28वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में जल संसाधन मंत्रालय मंडप जल संरक्षण के नवीन साधनों का प्रदर्शन कर रहा है। इसे देखने के लिए भारी संख्या में दर्शक यहां आ रहे हैं जिसमें खासतौर पर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।
जल संरक्षण का प्रत्येक आधे घंटे के अंतराल में 3 से 5 मिनट के लिए एक अभिनय कार्यक्रम का प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके अलावा पृथ्वी पर जल चक्रण के व्यापक पक्षों के साथ नदी की संपूर्ण प्रक्रिया और आर्थिक गतिविधियों पर भी कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया जा रहा है। मंत्रालय के अंतर्गत विभिन्न संगठनों की अनेक गतिविधियों के कई वृत्तचित्रों के साथ-साथ जल संसाधन के उपयोग को दिखाने के लिए मंडप में उपयुक्त स्थानों पर बड़ी प्लाज्मा स्क्रीन भी लगाई गई हैं।
पिछले वर्ष, जल संसाधन मंत्रालय मंडप को सर्वश्रेष्ठ मंडप चुना गया था और केन्द्र सरकार मंडपों की श्रेणी में भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) द्वारा स्वर्ण पदक प्रदान किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।