बिहार में नक्सलियों ने एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या की
पटना, 17 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चम्पारण जिले के शिकारीगंज थाना क्षेत्र में नक्सलवादियों ने रविवार रात एक ही परिवार के चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल में भेज दिया है।

पूर्वी चम्पारण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नैयर हसनैन खां ने बताया कि पूर्वी चम्पारण मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर रसूलपुर गांव में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के लगभग एक सौ नक्सलवादियों ने शशि भूषण यादव के घर को चारों तरफ से घेर लिया और महिलाओं समेत घर के सभी लोगों को बंधक बना लिया।
उन्होंने बताया कि नक्सलियों में महिलाएं भी थीं। नक्सलवादियों ने लोगों से नाम पूछ-पूछकर अशर्फी यादव, कमलदेव यादव, बच्चू यादव तथा ललन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। शेष परिजनों को नक्सलियों ने छोड़ दिया।
अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इस मामले की एक प्राथमिकी शिकारीगंज थाने में दर्ज करा दी गई है। नक्सलियों के खिलाफ छापामारी अभियान प्रारंभ कर दिया गया है।
उल्लेखनीय कि नक्सलियों ने शनिवार रात राज्य के जमुई जिले के चरकापत्थर थाना क्षेत्र के खरीक गांव के भी तीन लोगों की हत्या गला रेतकर कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।