गिरावट के साथ बंद हुए शेयर बाजार (राउंडअप)
मुंबई, 17 नवंबर (आईएएनएस)। देश के शेयर बाजार साप्ताहिक कारोबार के पहले दिन सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 94 अंकों और निफ्टी करीब 11 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुए।
बंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' सुबह 11.05 अंकों की मामूली बढ़त के साथ 9396.93 पर खुला। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 94 अंकों (1.01 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 9,291.01 पर बंद हुआ।
कारोबार के दौरान सेंसेक्स 9,435.89 के ऊपरी और 8,956.68 के निचले स्तर पर भी पहुंचा, लेकिन अंतत: 9385.42 पर बंद हुआ था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों पर आधारित सूचकांक 'निफ्टी' भी तीन अंकों की बढ़त के साथ 2813.40 पर खुला, लेकिन उसमें भी गिरावट देखी गई और यह भी 11 अंकों (0.38 फीसदी) की गिरावट के साथ 2,799.55 पर बंद हुआ।
कारोबार के दौरान निफ्टी ने भी 2,835.70 के सबसे ऊपरी और 2,694.50 के निचले स्तर को छुआ। शुक्रवार को निफ्टी 2810.35 पर बंद हुआ था।
बीएसई के मिडकैप और स्मालकैप सूचकांक भी गिरावट के साथ बंद हुए। मिडकैप 82.72 अंकों (2.57 प्रतिशत)की गिरावट के बाद 3,133.36 पर बंद हुआ। स्मालकैप 103.66 अंकों (2.75 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 3,661.39 पर बंद हुआ।
कारोबार के दौरान रियल्टी और बैंकिंग क्षेत्र के शेयरों में सबसे अधिक गिरावट देखी गई। रियल्टी क्षेत्र के शेयरों में 5.17 प्रतिशत और बैंकिंग के शेयरों में 3.87 प्रतिशत की गिरावट आई।
बीएसई में कारोबार का रुख नकारात्मक रहा और 1800 कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई। केवल 679 कंपनियों के शेयरों के मूल्यों में वृद्धि हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।