दिल्ली में भाजपा विधायक ने आत्महत्या की
नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक और इस चुनाव में भी उम्मीदवार पूरनचंद योगी ने आत्महत्या कर ली। 73 वर्षीय योगी मध्य दिल्ली के राजेंद्र नगर क्षेत्र से तीन बार विधायक रह चुके थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार योगी का शव को रविवार सुबह सात बजे उनके मकान की पहली मंजिल के कमरे में सीलिंग फैन से लटका पाया गया। उनके मोबाइल फोन के लगातार बजते रहने के कारण उनकी पत्नी उन्हें देखने गईं तो उनका शव पंखे से लटकता मिला।
पुलिस के अनुसार योगी रोजाना की तरह सुबह 5.30 बजे उठे। सुबह सात बजे उनका मोबाइल फोन लगातार बजने लगा। इसके बाद उनकी पत्नी ने उनको आवाज दी लेकिन योगी ने कोई उत्तर नहीं दिया। इसके बाद वे ऊपर गईं।
योगी की पत्नी ने घटना की सूचना तत्काल परिवार के सदस्यों और पुलिस को दी। उनको नजदीक के एक अस्पताल में पहुंचाया गया जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। योगी के परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री है।
पुलिस योगी के परिवार से पूछताछ करने के अलावा अन्य जांच भी कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*