विस चुनाव : राजेन्द्र नगर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव तारीख आगे बढ़ने की संभावना
नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के राजेन्द्र नगर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक पूरनचंद योगी की रविवार को हुई मौत के बाद इस विधानसभा क्षेत्र में चुनाव स्थगित हो सकता है। योगी यहां से लगातार तीसरी बार चुनाव लड़ रहे थे।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सतबीर सिलास बेदी ने आईएएनएस को बताया कि राजेन्द्र नगर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव की तारीख आगे बढ़ाई जा सकती है। राज्य में 29 नवंबर को मतदान को होगा।
बेदी ने कहा कि वे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से राजेन्द्र नगर से उनकी पार्टी के नए उम्मीदवार के चयन को लेकर संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि वे चुनाव के संबंध में निर्वाचन आयोग से भी चर्चा कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार 73 वर्षीय योगी ने रविवार तड़के अपने आवास पर आत्महत्या कर ली।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार योगी का शव रविवार सुबह सात बजे उनके मकान की पहली मंजिल के कमरे में सीलिंग फैन से लटका पाया गया। उनके मोबाइल फोन के लगातार बजते रहने के कारण उनकी पत्नी उन्हें देखने गईं तो उनका शव पंखे से लटकता मिला।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।