विस चुनाव : छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने जारी किया भाजपा के खिलाफ आरोप-पत्र
नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ शनिवार को लंबा चौड़ा आरोप-पत्र जारी किया। कांग्रेस ने मुख्मंत्री रमन सिंह की सरकार पर भ्रष्टाचार के सभी रिकार्ड तोड़ने और कुशासन का आरोप लगाया है।
ज्ञात हो कि शुक्रवार को राज्य विधानसभा की 39 सीटों के लिए पहले चरण का मतदान संपन्न हो गया। दूसरे चरण के तहत आगामी 20 नवम्बर को 51 सीटों पर चुनाव होन' हैं।
'भाजपा के पांच साल-एक काला अध्याय' नामक शीर्षक से जारी इस आरोप पत्र में मुख्यमंत्री रमन सिंह और उनके मंत्रिमंडल के 13 सदस्यों को मुख्यत: निशाना बनाया गया है।
इस आरोप पत्र में कहा गया है कि भाजपा सरकार ने कुशासन की सभी सीमाएं तोड़ दी और राज्य के विकास को विराम दे दिया। सरकार के मंत्रियों ने केंद्रनीत लगभग सभी योजनाओं में खुलेआम भ्रष्टाचार किया है।
बहरहाल, भाजपा ने कांग्रेस के इस आरोप पत्र को झूठ का पुलिंदा करार देते हुए खारिज कर दिया है।
मुख्मंत्री रमन सिंह ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, "हताशा और निराशा में कांग्रेस हमारी सरकार पर आधारहीन आरोप लगा रही है। इस कांग्रेस को हम बुरी तरह पराजित करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।