शिबू ने की झारखंड में 1 लाख नौकरियों की घोषणा
रांची, 15 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के आठवें स्थापना दिवस के मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री शिबू सोरेन ने एक लाख नौकरियों की घोषणा की है।
राजधानी के ऐतिहासिक मोराबादी मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सोरेन ने कहा, "राज्य के विभिन्न सरकारी पदों पर जल्द ही एक लाख युवाओं की भर्ती की जाएगी। युवाओं की यह भर्ती राज्य सेवा आयोग करेगा।"
उन्होंने कहा, "इसकी प्रक्रिया भी आरंभ कर दी गई है। राज्य में जितने भी सरकारी पद खाली पड़े हैं वे सारे भरे जाएंगे।"
सोरेन ने कहा, "कांस्टेबलों की नियुक्ति में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी क्योंकि उन्हें क्षेत्रीय भाषा समझने में परेशानी नहीं आएगी।"
इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम चलाने की घोषणा की। इस योजना के तहत गरीब व पिछड़े आदिवासी समुदाय के लोगों को प्रति माह 35 किलो अनाज मिलेगा।
सोरेन ने कहा कि अलग झारखंड राज्य आंदोलन में शहीद हुए लोगों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।