चार्ल्स शोभराज एक सामान्य इंसान : फारुख ढोंडी
नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। चार्ल्स शोभराज के जीवन से प्रेरित उपन्यास 'बिकनी मर्डर्स' के लेखक फारुख ढोंडी का कहना है कि बिकनी किलर के नाम से मशहूर शोभराज एक बहुत सामान्य इंसान है।
हार्पर कोलिंस से प्रकाशित इस उपन्यास को शुक्रवार को बाजार में जारी करने के मौके पर ढोंडी ने वर्ष 1975 में नेपाल में एक अमेरिकी पर्यटक कोन्नी जो ब्रोंजिक की हत्या के आरोप में जेल की सजा भुगत रहे चार्ल्स शोभराज के जीवन से जुड़ी कई घटनाओं को याद किया।
आईएएनएस से ढोंडी ने कहा कि शोभराज हत्या के कई मामलों में शामिल है लेकिन नेपाल में जिस मामले में उसे दोषी ठहराया गया है वह गलत है। उसमें शोभराज के खिलाफ कोई भी सबूत नहीं है।
उन्होंने बताया कि शोभराज जैश-ए-मुहम्मद के संस्थापक मसूद अजहर का मित्र था। उसने मसूद को तिहाड़ जेल में गुंडों के एक गिरोह के हाथों पिटने से बचाया था। इसके बाद से मसूद शोभराज पर काफी अधिक निर्भर हो गया था।
ढोंडी ने बताया कि वर्ष 2000 में जब 400 यात्रियों सहित भारतीय विमान का अपहरण करके कंधार ले जाया गया तथा अजहर की रिहाई की मांग की गई, तो शोभराज ने उस समय भारत की मदद करने को कहा था।
ढोंडी ने कहा कि उनका उपन्यास शोभराज के जीवन के निष्पक्ष अध्ययन पर आधारित है और उनका उद्देश्य एक डरावनी कहानी से लोगों को भयभीत करना नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।