पोलक को मनाने की कोशिश करेंगे 'मुंबई इंडियंस'
लंदन, 15 नवंबर (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की मुंबई इंडियंस टीम दक्षिण अफ्रीका के हरफनमौला खिलाड़ी शॉन पोलक से अपना करार बढ़ाने का आग्रह करेगी।
ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द मिरर' के मुताबिक आईपीएल के साथ पोलक का एक साल का करार खत्म हो चुका है और उन्होंने इस टूर्नामेंट में आगे नहीं खेलने की इच्छा जताई है।
दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस टीम अपने दूसरे अभियान के लिए पोलक का साथ चाहती है और यही कारण है कि वह उन्हें मनाने की कोशिश करेगी।
मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों के साथ-साथ फ्रेंचाइजी चलाने वालों को भी पोलक के लौटने की आस बंधी हुई है। पोलक आईपीएल के दूसरे चरण में मुंबई इंडियंस टीम की कप्तानी कर चुके हैं।
सचिन तेंदुलकर के चोटिल होने और हरभजन सिंह के प्रतिबंधित होने के बाद पोलक को ही टीम की कमान सौंपी गई थी। उन्होंने 13 मैचों की आठ पारियों में 147 रन बनाने के साथ-साथ 11 विकेट भी लिए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।