राज ठाकरे गिरफ्तार, मिली जमानत (लीड-1)
मुंबई, 15 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे की गिरफ्तारी के कुछ देर बाद ही उन्हें ट्रांजिट जमानत मिल गई। जमशेदपुर की अदालत द्वारा जारी गैर जमानती वारंट के मद्देनजर शनिवार दोपहर उनकी गिरफ्तारी हुई थी।
अब राज ठाकरे को जमशेदपुर की अदालत में पेश होना जरूरी नहीं है। जमशेदपुर की अदालत ने बिहार और उत्तरप्रदेश के लोगों के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणी के मद्देनजर गैर जमानती वारंट जारी किया था।
इससे पहले राज ने शनिवार को खुद मझगांव की अदालत में समर्पण किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद राज ठाकरे का रिमांड हासिल करने के लिए जमशेदपुर की पुलिस अदालत से अनुमति चाहती थी।
मनसे प्रमुख ठाकरे के खिलाफ देशभर में 59 मामले दर्ज हो चुके हैं। मनसे के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि पार्टी चाहती है सभी मुकदमों का स्थानांतरण झारखंड अथवा मुंबई की एक ही अदालत में कर दिया जाए।
उल्लेखनीय है कि करीब सालभर से ठाकरे और उनकी पार्टी के समर्थक दूसरे राज्यों खासकर बिहार और उत्तर प्रदेश से रोजगार की तलाश में महाराष्ट्र आने वाले लोगों को निशाना बना रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।