मालेगांव विस्फोट : 'शंकराचार्य' पुलिस हिरासत में भेजे गए (लीड-1)
नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। मालेगांव बम विस्फोट मामले में अपनी भूमिका को लेकर शक के घेरे में आए शारदा सर्वधन्य पीठ के शंकराचार्य अमृतानंद देव तीर्थ को शुक्रवार को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
महाराष्ट्र के नासिक की एक अदालत के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने अमृतानंद को 12 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा है। इसके साथ ही अदालत ने आतंकवाद निरोधी दस्ते को अमृतानंद का ब्रेन मैपिंग, पोलीग्राफ और नार्को टेस्ट करने की भी अनुमति दे दी। अमृतानंद दयानंद पांडेय के नाम से भी जाने जाते हैं।
इस बीच, इसी मामले में गिरफ्तार साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के आध्यात्मिक गुरु स्वामी अवधेशानंद गिरी ने कहा है कि वे अपनी शिष्या के साथ अपने संबंधों की जांच में महाराष्ट्र के आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) की सहायता करने के लिए तैयार हैं।
प्रज्ञा के साथ संबंधों के कारण जांच के दौरान नाम सामने आने के बाद रक्षात्मक रुख अख्तियार करने वाले गिरी ने गुरुवार को कहा कि वे किसी भी जांच के लिए तैयार हैं।
गिरी का आश्रम अंबाला के निकट स्थित है। वे जूना अखाड़ा संप्रदाय के प्रमुख भी हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण में साध्वी प्रज्ञा के खिलाफ एक भी आरोप सिद्ध नहीं हो पाया है।
गिरी ने गुरुवार को संवाददाताओं से कहा, "साध्वी पर गलत तरीके से हिंदू आतंकवादी होने का आरोप लगाया जा रहा है। पुलिस को उन पर लगे आरोपों को सिद्ध करना चाहिए।"
गिरी ने कहा कि प्रज्ञा के साथ उनका कोई सीधा संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रज्ञा से उनकी मुलाकात दो ही बार हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।