बिहार के बाढ़ पीड़ितों को समर्पित होगी मिस इंडिया यूएसए प्रतियोगिता
न्यूयार्क, 14 नवंबर (आईएएनएस)। इस वर्ष की मिस इंडिया यूएसए सौंदर्य प्रतियोगिता बिहार के बाढ़ पीड़ितों को समर्पित होगी। इसके जरिए आने वाली धनराशि बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास के लिए दी जाएगी। यह जानकारी प्रतियोगिता के आयोजकों ने दी।
नेशनवाइड मिस इंडिया यूएसए का 27वां आयोजन न्यूजर्सी में 23 नवंबर को किया जाएगा। इस आयोजन में कोई 24 भारतीय-अमेरिकी सुंदरियों के हिस्सा लेने की संभावना है।
सौंदर्य प्रतियोगिता के संस्थापक व अध्यक्ष धर्मात्मा शरण ने गुरुवार को कहा कि प्रतियोगिता के जरिए आने वाली धनराशि बिहार के बाढ़ पीड़ितों के लिए दी जाएगी।
शरण के अनुसार चर्चित फिल्मकार प्रकाश झा इस कोष संग्रह अभियान के समर्थन में विशेष रूप से उपस्थित होंगे।
मिस इंडिया यूएसए भारत से बाहर होने वाली सबसे पुरानी भारतीय सौंदर्य प्रतियोगिता है। इस प्रतियोगिता की विजेता सुंदरियां इस वर्ष 14 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका में आयोजित होने वाली 18वीं वार्षिक मिस इंडिया वर्ल्डवाइड प्रतियोगिता में अमेरिका का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।