जन्मदिन पर राज ने काटा 'भैया' केक
मुबंई, 14 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे फिर विवादों में हैं। इस बार अपने जन्मदिन के मौके पर उन्होंने 'भैया' केक काटकर यह विवाद पैदा किया है और मराठी-गैर मराठी विवाद को फिर से गरमा दिया है।
दरअसल, राज ठाकरे ने 14 जून को अपने जन्मदिन के मौके पर एक केक काटा, जिसके ऊपर 'भैया' लिखा था। शुक्रवार को सार्वजनिक हुए एक वीडियो में राज को यह केक काटते दिखाया गया है।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में उत्तर भारतीयों के लिए सामान्य तौर पर भैया शब्द का इस्तेमाल किया जाता है।
इस खुलासे से मनसे की घृणा की राजनीति एक बार फिर सामने आई है। बहरहाल, इस मुद्दे पर मनसे की चौतरफा आलोचना हो रही है और वह अपनी फजीहत महसूस कर रही है।
मनसे के वरिष्ठ पदाधिकारियों को इस खुलासे के बारे में सफाई देते नहीं बन रहा है। पार्टी के उपाध्यक्ष वगीश सारस्वत से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने आईएएनएस से कहा, "मनसे में कई उत्तर भारतीय कार्यकर्ता भी हैं। हो सकता है कि इनमें से ही किसी ने इस वीडियो को सार्वजनिक किया है।"
उन्होंने कहा, "केक पर जो भैया लिखा था उसका मतलब यह है कि राज ठाकरे बड़े भाई के समान हैं। इसे उत्तर भारतीयों से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।"
सारस्वत ने कहा कि चूंकि एक उत्तर भारतीय कार्यकर्ता ने केक बनवाया था, इसलिए उसने इस पर भैया लिखवा लिया था।
वीडियो में दिखाया गया है कि राज ठाकरे हाथ में चाकू लहराते हुए केक को ऐसे अंदाज से काटते हैं जो सामान्य तौर पर नहीं अपनाया जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।