विस चुनाव: राजस्थान के लिए भाजपा की तीसरी सूची जारी
नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए 35 उम्मीदवारों तीसरी सूची जारी की।
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की मौजूदगी और पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई पार्टी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उम्मीदवारों की तीसरी सूची को अंतिम रूप दिया गया।
पार्टी ने 12 वर्तमान विधायकों के टिकट काट दिए हैं और सिर्फ पांच मौजूदा विधायकों को ही टिकट दिया गया है। 35 उम्मीदवारों में सात महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा तीन उम्मीदवार अनुसूचित जाति और दो अनुसूचित जनजाति से हैं।
पार्टी ने तीन मौजूदा सांसदों को चुनाव मैदान में उतारा है। इनमें उदयपुर से सांसद किरण माहेश्वरी को राज समुंद, कोटा से सांसद रघुवीर सिंह कौशल को अंता तथा चित्तौड़गढ़ के सांसद श्रीचंद कृपलानी को बड़ी सादड़ी विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। भाजपा ने सरदारपुरा विधानसभा सीट से राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ राजेंद्र गहलोत को टिकट दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*