धार्मिक नेताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं : राजनाथ
नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर हिन्दू धार्मिक नेताओं को अपमानित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के ऐसे किसी भी प्रयास को भाजपा बर्दाश्त नहीं करेगी और न ही वह चुप बैठेगी।
पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से चर्चा में राजनाथ ने कहा, "साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को प्रताड़ित किया जा रहा है। उसे राजनीतिक षडयंत्र का शिकार बनाया जा रहा है। साध्वी के बहाने कांग्रेस हिन्दू धार्मिक नेताओं का न सिर्फ अपमान कर रही है बल्कि उनके खिलाफ एक अभियान भी चला रही है। वह धार्मिक नेताओं की छवि बिगाड़ने का कुत्सित प्रयास कर रही है।"
उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे किसी भी प्रयास का विरोध करेगी। उन्होंने कहा, "हम चुप बैठने वाले नहीं हैं। हम इसे बर्दाश्त भी नहीं करेंगे। कांग्रेस हमारे सब्र की परीक्षा न ले।"
राजनाथ ने कांग्रेस को चुनौती दी कि उसमें यदि इतनी हिम्मत है तो वह किसी दूसरे धर्म के नेताओं के बारे में इस प्रकार की बयानबाजी करे जैसा वह साध्वी के मामले में कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर सेना को भी बदनाम करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, "कांग्रेसनीत केंद्र की सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और अपनी असफलताओं को छुपाने के लिए वह साध्वी मामले को तूल दे रही है। वह हिन्दू आतंकवाद की बात कर रही है। हमने तो कभी इस्लामिक आतंकवाद की बात नहीं की और न ही उसे चुनावी मुद्दा बनाया।" उन्होंने कहा धर्म को सीमाओं में बांधकर नहीं रखा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए हिन्दुत्व चुनावी मुद्दा नहीं है बल्कि जीवन जीने की पद्धति है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।