विस चुनाव : विजय रथ के खिलाफ कांग्रेस का विकास रथ
नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। इस महीने की 29 तारीख को होने वाले दिल्ली
नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। इस महीने की 29 तारीख को होने वाले दिल्ली
विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 'विजय रथ' के जवाब में 'विकास रथ' से प्रचार करने का फैसला किया है।
विकास रथ के ऊपर 42 इंच का प्लाज्मा टीवी लगा है। इस रथ पर मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यो के पोस्टर लगे हैं। यह रथ 15 नवंबर से सभी 70 निर्वाचन क्षेत्रों में जाएगा।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जे.पी.अग्रवाल ने आईएएनएस से कहा,"पार्टी ने पहली बार उम्मीदवारों के प्रचार अभियान के लिए ऐसी योजना बनाई है जिसका प्रबंध केंद्रीय स्तर पर होगा। विकास कांग्रेस पार्टी का प्रमुख एजेंडा है और विकास रथ इसे जनता में पेश करेगा।"
कांग्रेस प्रचार शाखा सदस्य अजय विनायक ने कहा कि इस रथ की लागत बहुत मामूली है और हर उम्मीदवार पर केवल 3500 से 4000 रुपये का खर्च आया है।
कांग्रेस के सभी 70 प्रत्याशियों ने अपनी आवाज में संदेश रिकार्ड करवाया है और इनकी सीडी जल्दी ही सभी उम्मीदवारों को दी जाएगी।
दूसरी तरफ भाजपा ने पुन: सत्ता में वापस आने के लिए विजय रथ को चुनाव प्रचार में उतारा है।
दिल्ली भाजपा प्रवक्ता मेवाराम आर्य ने कहा कि विजय रथ इस बात का प्रतीक है कि पार्टी इस बार चुनावों में जीत हासिल करने की उम्मीद कर रही है, क्योंकि जनता कांग्रेस के 10 साल के कार्यकाल से वास्तव में नाखुश है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।