दयानंद पांडे से कोई लेना देना नहीं : विहिप
लखनऊ, 12 नवंबर(आईएएनएस)। महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) द्वारा बुधवार को कानपुर से गिरफ्तार किए गए महंत दयानंद पांडे के बारे में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के नेताओं का कहना है कि पकड़े गए व्यक्ति का उनके संगठन से कोई लेना देना नहीं है।
उत्तरप्रदेश विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के क्षेत्रीय संगठन मंत्री महावीर ने आईएएनएस से कहा कि दयानंद पांडे को न तो वह जानते हैं और न ही वह कभी उनके संगठन से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि एटीएस द्वारा हिरासत में लिए गए व्यक्ति ने कभी भी विहिप के किसी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुआ।
उधर बजरंग दल के प्रांतीय प्रभारी वेद प्रकाश त्रिवेदी ने बताया कि जिस दयानंद पांडे को महाराष्ट्र एटीएस ने पकड़ा है उसका बजरंग दल से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि पकड़ा गया व्यक्ति कभी भी बजरंग दल से नहीं जुड़ा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक महाराष्ट्र एटीएस को दयानंद पांडे के विहिप से जुड़े होने की आशंका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications