फ्लावर ने इंग्लिश बल्लेबाजों को सिखाए स्पिन खेलने के गुर
लंदन/मुंबई, 12 नवंबर (आईएएनएस)। एक समय था जब जिंबाब्वे के पूर्व सलामी बल्लेबाज एंडी फ्लावर को भारतीय स्पिनरों का 'खास दुश्मन' माना जाता था।
वही फ्लावर इंग्लैंड टीम के सहायक कोच की हैसियत से इन दिनों इंग्लिश बल्लेबाजों को भारत की स्पिन लेने वाली पिचों पर भारतीय गेंदबाजों, खासकर स्पिनरों को खेलने की कला सिखा रहे हैं।
फ्लावर को मई में इंग्लैंड टीम का सहायक कोच नियुक्त किया गया था। फ्लावर ने बुधवार को अभ्यास सत्र के दौरान यह देखने का प्रयास किया कि इंग्लैंड का कौन सा बल्लेबाज बिना गलती किए लंबे समय तक स्थानीय स्पिनरों को खेल सकता है।
फ्लावर ने पाया कि 16 खिलाड़ियों में से सात ने स्पिनरों को अच्छी तरह खेला। फ्लावर ने कहा, "भारत से मुझे हमेशा प्यार रहा है। यहां के शोर भरे स्टेडियमों ने मुझे आकर्षित किया है। मैंने यहां के शोर को दबाव के रूप में कभी नहीं लिया।"
फ्लावर का आकलन है कि इंग्लिश टीम के सभी खिलाड़ियों में हरफनमौला एंड्रयू फ्लिंटॉफ ज्यादा सक्षम हैं।
उन्होंने कहा, "लोगों की सोच के उलट फ्लिंटॉफ ज्यादा सक्षम खिलाड़ी हैं। उनके अंदर मुश्किल हालात में अच्छा खेलने की क्षमता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications