हमारी टीम अब भी सर्वश्रेष्ठ : पोंटिंग
मेलबर्न, 12 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के हाथों बुरी तरह पराजित होने के बावजूद आस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान रिकी पोंटिंग यह मानने को तैयार नहीं कि उनकी टीम का वर्चस्व टूट चुका है। इसके उलट वह तो अब भी यही कह रहे हैं कि उनकी टीम सर्वश्रेष्ठ है।
आस्ट्रेलिया के समाचार पत्र 'द आस्ट्रेलियन' ने पोंटिंग के हवाले से लिखा है, "कोई भी टीम रातों-रात सर्वश्रेष्ठ नहीं बनती। हमने लगातार जीतते हुए विश्व चैंपियन होने का गौरव हासिल किया है। मेरे लिहाज से यह कहना कि हम चुक गए हैं, गलत होगा। हम अब भी सर्वश्रेष्ठ हैं।"
भारत के साथ खेली गई श्रंखला के दौरान पोंटिंग की कप्तानी की भी जमकर आलोचना हुई है। खासकर चौथे मैच में धीमी ओवर गति के लिए तो उनकी ज्यादा खिंचाई हुई है।
अपनी सफाई में पोंटिंग ने कहा, "ओवर रेट हमारी टीम के लिए काफी पहले से समस्या रहा है। चौथे टेस्ट के चौथे दिन हमारी गति काफी धीमी हो गई थी। मेरे पास अनियमित गेंदबाजों से गेंदबाजी कराने के सिवाय और कोई रास्ता नहीं था।"
पोंटिंग ने कहा कि उनकी टीम न्यूजीलैंड के साथ होने वाली श्रंखला के माध्यम से फिर से लय में लौटने का प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा, "न्यूजीलैंड के साथ होने वाली श्रंखला में मैं एक निर्दयी कप्तान और खिलाड़ी के तौर पर बर्ताव करुं गा। मुझे आशा है कि मेरे साथी भी सबकुछ भूलकर मेरा साथ देने का प्रयास करेंगे। मुझे डर है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो हमारी प्रतिष्ठा खराब हो सकती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications