उप्र में बसपा विधायक के पुत्र की कार से कुचलकर 3 की मौत
सुल्तानपुर, 12 नवंबर(आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश के सुल्तानपुर जिले में बुधवार को सत्तारूढ़ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) विधायक भगेलूराम के पुत्र की कार ने तीन लोगों को रौंद दिया जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने कार में आग लगा दी। पुलिस अभी तक विधायक पुत्र को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक जिले के अखंडनगर थाना-क्षेत्र के अंतर्गत उड़री गांव के निकट बसपा विधायक भगेलूराम के पुत्र राकेश रंजन की बैगन आर कार ने एक ही परिवार के तीन लोगों सिगतूराम 15 वर्ष, हंसराजी देवी 42 वर्ष और रोशनी 6 वर्ष को कुचल दिया, जिसमें सिगतूराम और हंसराजी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रोशनी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
घटना के बाद विधायक पुत्र राकेश रंजन घटनास्थल से फरार हो गया। आक्रोशित भीड़ ने कार को फूंक दिया।
मामला सत्ता पक्ष से जुड़ा होने के कारण पुलिस ज्यादा कुछ बताने से इनकार कर रही है। पुलिस अधीक्षक डी.सी. मिश्रा ने आईएएनएस को बताया कि कार्रवाई की जा रही है। उल्लेखनीय है कि भगेलूराम सुल्तानपुर जिले के कादीपुर विधानसभा क्षेत्र से बसपा के विधायक हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications