धोनी को अब तक नहीं मिला प्रतिबंधित बोर वाले हथियार का लाइसेंस
रांची, 12 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को इस बात का अंदाजा हो गया है कि खेल रत्न पाना फिर भी आसान है लेकिन प्रतिबंधित बोर वाले हथियार का लाइसेंस पाने के लिए काफी पापड़ बेलने पड़ते हैं।
दरअसल, धोनी ने लगभग दो महीने पहले प्रतिबंधित बोर वाले रिवाल्वर के लाइसेंस के लिए आवेदन किया था लेकिन सरकार की ओर से उन्हें इस संबंध में कोई सूचना नहीं मिली है।
इतनी बड़ी शख्सियत होने के बावजूद सरकार उन्हें प्रतिबंधित बोर वाले रिवाल्वर का लाइसेंस देने से कतरा रही है।
धोनी ने तो अपनी तरफ से आस लगा रखी है लेकिन इस संबंध में छोटानागपुर क्षेत्र की आयुक्त शीला किस्कु रापाज के बयान ने सबको चकित कर दिया है।
आयुक्त ने कहा, "पहले उन्हें सतर्कता विभाग, स्पेशन ब्रांच और सीआईडी के पुलिस अधीक्षकों का अनापत्ति-प्रमाणपत्र लाने दीजिए, फिर हम इस पर विचार करेंगे। आतंकवादी और चरमपंथी घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, लिहाजा पहचान बहुत जरूरी है।"
उधर, धोनी के परिवार ने आयुक्त के इस बयान पर विरोध जताया है। उसका कहना है कि धोनी कोई मामूली शख्स नहीं कि उन्हें पहचान जाहिर करने की जरूरत पड़े।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications