विस चुनाव : मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी और विज्ञापन एजेन्सी के खिलाफ मामला दर्ज
भोपाल, 12 नवंबर (आईएएनएस)। चन्द्रयान अभियान की सफलता पर जारी किए गए एक विज्ञापन ने मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी को मुश्किल में डाल दिया है। इस विज्ञापन में कांग्रेस ने बगैर चक्र वाला तिरंगा दिखाकर अभियान की सफलता का श्रेय खुद लेने की कोशिश की है। इसी आधार पर दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर महाराणा प्रताप नगर पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी और विज्ञापन एजेन्सी अतुल पब्लिसिटी के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
कांग्रेस की ओर से सोमवार को प्रदेश के तमाम समाचार पत्रों में चन्द्रयान अभियान की सफलता पर एक विज्ञापन जारी किया था। इस विज्ञापन में तिरंगा लहराते हुए दिखाया गया था। इस तिरंगे से राष्ट्रीय चक्र नदारद था। इस विज्ञापन को अतुल पब्लिसिटी भोपाल के द्वारा जारी किया गया था। इसी आधार पर संगीत वर्मा ने एम़ पी़ नगर पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज कराते हुए इसे राष्ट्रीय गौरव का अपमान करार दिया।
एम़ पी़ नगर थाने के नगर निरीक्षक राकेश शर्मा ने आईएएनएस को बताया है कि संगीत वर्मा द्वारा अखबार की कतरन के साथ दर्ज कराई गई शिकायत पर पुलिस ने मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी और अतुल पब्लिसिटी के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम 1971 की धारा दो के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*