बरौनी यूरिया संयंत्र के नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास
पटना, 12 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के बेगूसराय जिले के बरौनी में बुधवार को हिन्दुस्तान फर्टिलाइजर कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचएफसीएल) के यूरिया संयंत्र के नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास केंद्रीय रसायन, उर्वरक एवं इस्पात मंत्री रामविलास पासवान, रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव और राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मिलकर किया।
इस मौके पर पासवान ने कहा, "बिहार के विकास से जुड़े सभी मुद्दों पर हम लोग एक साथ हैं। इस कारखाने को वर्ष 2002 में बंद कर दिया गया था, जिससे हजारों लोग बेरोजगार हो गये थे। अब इसके पुन: प्रारंभ हो जाने से रोजगार के अवसर खुलेंगे।"
उन्होंने बताया कि कारखाने के नवीनीकरण में लगभग 4,500 करोड़ रुपये की लागत आएगी और इसकी वार्षिक यूरिया उत्पादन क्षमता 11़55 लाख मीट्रिक टन होगी। कारखाने के नवीनीकरण का काम वर्ष 2012 तक पूरा कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बरौनी कारखाने पर बिजली बिल की बकाया राशि माफ करने की बात कही। उन्होंने कहा, "यदि कारखाना निश्चित समय पर उत्पादन प्रारंभ कर देता है तो विद्युत विभाग इस पर 275 करोड़ रुपये की बकाया राशि माफ कर देगा।"
उधर, रेल मंत्री लालू प्रसाद ने कहा कि बरौनी के निकट स्थित सोनपुर रेल मंडल के सिमरिया रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर दिनकर नगर रेलवे स्टेशन रखा जाएगा और इसे एक आदर्श स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications