भोंसले सैनिक स्कूल के कमांडेंट समेत 2 ने दिया इस्तीफा (लीड-1)
मुंबई/नासिक, 12 नवंबर (आईएएनएस)। मालेगांव विस्फोट मामले में हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने के बाद नासिक के भोंसले सैनिक स्कूल के दो अधिकारियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। दोनों ने अपने इस्तीफे का कोई कारण जाहिर नहीं किया है।
स्कूल के प्राचार्य आर.आर. कुटे ने आईएएनएस से कहा कि कमांडेंट सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल शैलेश एस. रायकर और एक अन्य अधिकारी राजन गायधनी ने बिना कोई कारण बताए केंद्रीय हिंदू सैनिक शिक्षा समिति को अपना त्यागपत्र सौंप दिया है।
समिति ने फिलहाल त्यागपत्र स्वीकार नहीं किया है। इस संबंध में समिति की बैठक नासिक में गुरुवार को होगी जिसमें अंतिम फैसला किया जाएगा।
स्कूल की प्रबंध समिति के सचिव दिवाकर कुलकर्णी ने आईएएनएस से कहा, "वे कल (मंगलवार को) हमारे साथ थे। अब अगर इस तरह का मामला सामने आया है तो इस पर जल्द फैसला किया जाएगा।"
प्राचार्य ने बताया कि रायकर को छह माह पूर्व ही स्कूल कमांडेंट के रूप में नियुक्त किया गया था जबकि गायधनी पिछले सात साल से स्कूल में काम कर रहे थे।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने मालेगांव विस्फोट मामले में रायकर (42) और गायधनी (55) को हिरासत में लेकर सघन पूछताछ की थी।
इन पर आरोप है कि स्कूल परिसर में अभिनव भारत की 16 सितंबर की बैठक में ये शामिल हुए थे जिसमें 29 सितंबर के विस्फोट की साजिश रची गई थी।
बताया जाता है कि दोनों आरोपियों ने बैठक में हिस्सा लेने की बात स्वीकार की थी। इसके बावजूद एटीएस ने उन्हें गिरफ्तार किया नहीं किया था।
29 सितंबर को हुए मालेगांव विस्फोट में छह लोगों की मौत हो गई थी और 20 घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications