विस चुनाव : भाजपा का अल्वा के बहाने कांग्रेस पर निशाना
भोपाल, 12 नवंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रचार में आक्रामक रुख अख्तियार करने के संकेत दे दिए हैं और उसने इसके लिए सबसे पहले कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मारग्रेट अल्वा के आरोपों को हथियार बनाया है। अल्वा के टिकट बेचे जाने संबंधी आरोपों के सहारे भाजपा ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तोड़ने का आरोप लगाया है।
भाजपा की ओर से बुधवार को तमाम समाचार पत्रों में जारी किए गए विज्ञापन में मारग्रेट अल्वा के बयान को आधार बनाया गया है। इस विज्ञापन के जरिए भाजपा ने प्रदेश की जनता को यह बताने की कोशिश की है कि कांग्रेस में जनाधारवालों को नहीं बल्कि पैसे वालों को उम्मीदवार बनाया जाता है। इसी के चलते मारग्रेट अल्वा को महासचिव की कुर्सी तक गंवानी पड़ी।
भाजपा की नियमित प्रेस ब्रीफिंग में भी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल दवे ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उस पार्टी के भीतर न तो आंतरिक लोकतंत्र है और न ही नैतिकता बची हुई है। मारग्रेट अल्वा ने साबित कर दिया है कि कांग्रेस में टिकट बेचे जाते हैं और उन्हें सच बोलने की सजा भी मिल गई है। उनका कहना है कि नैतिकता के खिलाफ चलना कांग्रेस की पुरानी परंपरा है।
हुगली में झंडा फहराने के मामले में तत्कालीन मुख्यमंत्री उमा भारती ने अपने पद से इस्तीफा दिया था तो क्या मंगलवार को गिरफ्तार किए गए मंत्री पवार को इस्तीफा नहीं देना चाहिए। इस सवाल पर दवे सीधा कोई जवाब नहीं दे पाए। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि उमा ने इस्तीफा दिया था, उनसे मांगा नहीं गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications