सायमंड्स की वापसी पर साथियों ने खुशी जताई
मेलबर्न, 12 नवंबर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के सदस्यों ने मछली पकड़ने की घटना के कारण लगभग दो महीने तक टीम से बाहर रहने के बाद वापसी करने वाले हरफनमौला खिलाड़ी एंड्रयू सायमंड्स का स्वागत किया है।
आस्ट्रेलिया के समाचार पत्र 'द एज' के मुताबिक सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन ने सबसे पहले सायमंड्स की वापसी का स्वागत किया है। हेडन लगातार सायमंड्स की वापसी की मांग करते रहे हैं।
पत्र ने हेडन के हवाले से लिखा है, "मेरा मानना है कि सायमंड्स के रहते हमारी टीम ज्यादा मजबूत होती है। यह कहने में कोई हर्ज नहीं। वे एक शानदार खिलाड़ी और अच्छे साथी हैं।"
सायमंड्स शुक्रवार को होने वाले एमिरेट ऑल स्टार ट्वेंटी-20 मैच के जरिए वापसी करेंगे। इसके बाद उनके अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में भी लौटने की स्थितियां बन सकती हैं।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष अगस्त में डार्विन में बांग्लादेश के साथ खेली गई एकदिवसीय श्रंखला के दौरान अभ्यास सत्र और टीम बैठक में हिस्सा नहीं लेने के कारण सायमंड्स को भारत दौरे के लिए भी नहीं चुना गया था। सायमंड्स अभ्यास के वक्त मछली पकड़ने चले गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications