तमिलनाडु विधानसभा ने की श्रीलंका में युद्धविराम और वार्ता के लिए दबाव बनाने की मांग
चेन्नई, 12 नवंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु विधानसभा ने बुधवार को सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया जिसमें केंद्र सरकार से मांग की गई है कि वह श्रीलंका सरकार और लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के बीच वार्ता और उत्तरी श्रीलंका में तत्काल युद्धविराम के लिए दबाव बनाए।
यह प्रस्ताव राज्य के मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि ने पेश किया था। राज्य विधानसभा की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, "सदन मांग करता है कि श्रीलंका में सैन्य कार्रवाई बंद होनी चाहिए और तमिल मुद्दे का हल ढूंढने के लिए राजनीतिक और शांतिपूर्ण वार्ता प्रारंभ होनी चाहिए।"
बयान में यह भी यह भी कहा गया है कि श्रीलंका में तमिलों के जानमाल और उनके अधिकारों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार को हर संभव प्रयास करना चाहिए।
गौरतलब है कि तमिलनाडु विधानसभा में यह प्रस्ताव उस समय आया जब श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे भारत के आधिकारिक दौर पर थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications