गरीबों को वित्तीय संकट से बचाया जाए : बान की-मून
संयुक्त राष्ट्र, 12 नवंबर (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून ने कहा है कि वाशिंगटन में अगले सप्ताह होने वाले सम्मेलन के दौरान दुनिया भर के नेताओं को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि गरीब और असुरक्षित लोगों को वित्तीय संकट के असर से बचाया जा सके।
अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश द्वारा आगामी शनिवार को आयोजित विश्व के 20 शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं वाले देशों के नेताओं के शिखर सम्मेलन में मून भी हिस्सा लेंगे।
मून ने मंगलवार को न्यूयार्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, "हमें गरीब और असुरक्षित लोगों को इस संकट के असर से बचाने के लिए हर संभव प्रयास करना होगा।"
उन्होंने जोर देकर कहा कि कामचलाऊ उपाय किए जाने की जगह मौजूदा संकट से निपटने के लिए व्यवस्थित तरीके से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि इस समय वे गरीब और विकासशील देशों को लेकर चिंतित हैं।
मून ने कहा, "शिखर वार्ता के दौरान मेरा ध्यान इस बात पर ही रहेगा कि कैसे गरीब और विकासशील देशों को संकट से बचाया जा सके। इस समय यह सबसे महत्वपूर्ण है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications