देश में औद्योगिक उत्पादन की विकास दर सुधरकर 4.8 फीसदी पर पहुंची (लीड-1)
नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। देश के औद्योगिक उत्पादन की विकास दर चालू वित्त वर्ष के सितम्बर माह में सुधरकर 4.8 फीसदी पर पहुंच गई है। अगस्त में यह दर 1.3 फीसदी के निचले स्तर पर थी।
इस सुधार के बावजूद यह दर बीते वित्त वर्ष की समान अवधि की दर सात फीसदी से काफी कम रही।
सरकार द्वारा बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) जो गत अगस्त में 1.3 फीसदी था, सितम्बर में बढ़कर 4.8 फीसदी पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष के पहले छह महीनों के दौरान समेकित दर 4.9 फीसदी रही। बीते वित्त वर्ष की समान अवधि में यह दर 9.5 फीसदी थी।
सितम्बर में विद्युत उत्पादन क्षेत्र की विकास दर 4.4 फीसदी, विनिर्माण क्षेत्र की विकास दर 4.8 फीसदी और खनन क्षेत्र की विकास दर 5.7 फीसदी रही।
अप्रैल से सितम्बर माह तक खनन, विनिर्माण और विद्युत उत्पादन क्षेत्र की समेकित विकास दर क्रमश: 3.8, 5.2 और 2.5 फीसदी रही।
सूचकांक के उपभोग आधारित वर्गीकरण से पता चला कि लकड़ी और उससे बनी वस्तुओं का उत्पादन सितम्बर में 9.7 फीसदी गिर गया। सूती वस्त्र उद्योग में भी 9.3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
परिवहन उपकरणों के का उत्पादन 16.8 फीसदी, मशीनरी का उत्पादन 16.1 फीसदी, धातु पदार्थो का उत्पादन12.8 फीसदी और तंबाकू और पेय पदार्थो का उत्पादन 10.5 फीसदी बढ़ा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications