क्विक अलर्ट के लिए
नोटिफिकेशन ऑन करें  
For Daily Alerts
Oneindia App Download

राजनाथ गाजियाबाद से, जोशी वाराणसी से लड़ेंगे चुनाव (लीड-1)

By Staff
Google Oneindia News

नई दिल्ली, 11 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष राजनाथ सिंह गाजियाबाद से लोकसभा का आगामी चुनाव लड़ेंगे जबकि पार्टी के पूर्व अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी वाराणसी से भाग्य आजमाएंगे। उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह एटा से चुनाव लड़ेंगे।

भाजपा ने लोकसभा के आगामी चुनाव के लिए सोमवार को उत्तरप्रदेश की पहली सूची जारी कर दी। इस सूची में 11 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। पार्टी ने गांधी-नेहरू परिवार के दो सदस्यों मेनका गांधी और वरुण गांधी को भी उम्मीदवार बनाया है। वरुण पीलीभीत से और मेनका आंवला से चुनाव लड़ेंगी। ज्ञात हो कि मेनका पीलीभीत से भाजपा की मौजूदा सांसद हैं। उन्होंने अपने बेटे वरुण के लिए यह सीट छोड़ी है जबकि आंवला सीट पर जनता दल-युनाइटेड (जदयू) का कब्जा है। जदयू ने आंवला सीट भाजपा के लिए छोड़ी है।

मुरली मनोहर जोशी को इलाहाबाद की जगह वाराणसी से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है। जोशी इलाहाबाद से पिछला लोकसभा चुनाव हार गए थे। उन्हें समाजवादी पार्टी (सपा) के रेवती रमन सिंह ने हराया था। लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक संतोष गंगवार को बरेली से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है। राज्यसभा सदस्य मुख्तार अब्बास नकवी को पार्टी ने फिर से रामपुर से टिकट दिया है। लोकसभा का पिछला चुनाव वे सपा की उम्मीदवार व फिल्म अभिनेत्री जया प्रदा से हार गए थे।

कल्याण सिंह को बुलंदशहर की जगह एटा से जबकि बुलंदशहर से खुर्जा संसदीय क्षेत्र के मौजूदा सांसद अशोक प्रधान को पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा योगी आदित्यनाथ को गोरखपुर, महाराजगंज से पंकज चौधरी और जालौन से भानुप्रताप वर्मा को पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है।

उल्लेखनीय है कि पार्टी ने उन सीटों पर ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है जहां वह अपनी जीत सुनिश्चित मानकर चल रही है। भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने संवाददाताओं से चर्चा में कहा, "उत्तरप्रदेश में भाजपा आने वाले लोकसभा चुनाव में नया इतिहास रचेगी। उत्तरप्रदेश में भाजपा की अब तक जितनी भी रैलियां हुई हैं उन्हें जबरदस्त सफलता मिली है।"

उत्तरप्रदेश में लोकसभा की 80 सीटें हैं और कहा भी जाता है कि दिल्ली की गद्दी का रास्ता उत्तरप्रदेश से होकर आता है। अलबत्ता भाजपा ने उत्तरप्रदेश पर विशेष ध्यान दिया है। इसी रणनीति के मद्देनजर पार्टी ने अपने प्रमुख रणनीतिकार और जिताऊ महासचिव अरुण जेटली को उत्तरप्रदेश का प्रभार सौंपा है।

पार्टी द्वारा घोषित सभी 11 उम्मीदवारों के नाम इस प्रकार हैं-

राजनाथ सिंह (गाजियाबाद), मुरली मनोहर जोशी (वाराणसी), कल्याण सिंह (एटा), मुख्तार अब्बास नकवी (रामपुर), योगी आदित्यनाथ (गोरखपुर), संतोष गंगवार (बरेली), पंकज चौधरी (महाराजगंज), मेनका गांधी (आंवला), वरुण गांधी (पीलीभीत), भानुप्रताप वर्मा (जालौन-अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित क्षेत्र) और अशोक प्रधान (बुलंदशहर-अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित क्षेत्र)।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Comments
देश-दुनिया की ताज़ा ख़बरों से अपडेट रहने के लिए Oneindia Hindi के फेसबुक पेज को लाइक करें
For Daily Alerts
तुरंत पाएं न्यूज अपडेट
Enable
x
Notification Settings X
Time Settings
Done
Clear Notification X
Do you want to clear all the notifications from your inbox?
Settings X
X