सेंसेक्स फिर 10 हजार के नीचे, 696 अंक लुढ़का (राउंडअप)
मुंबई, 11 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी बाजार में सोमवार को आई गिरावट के प्रभाव से मंगलवार को देश के शेयर बाजारों में भी भारी गिरावट हुई और सेंसेक्स 696.47 अंकों तथा निफ्टी 209.60 की गिरावट के साथ बंद हुए।
दुनिया भर के शेयर बाजारों में हुई गिरावट का असर देश के बाजारों पर भी देखने को मिला। बंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) में कारोबार के दौरान सभी क्षेत्रों के शेयरों में गिरावट हुई। रियल्टी और धातु क्षेत्र के शेयरों में क्रमश: 10.25 और 8.42 प्रतिशत की गिरावट आई।
सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में आई गिरावट के बाद मंगलवार को दुनिया भर के बाजारों ने कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ की। 'सेंसेक्स' सोमवार के मुकाबले 130.77 अंकों की गिरावट के साथ 10,405.39 पर खुला। सेंसेंक्स कल के मुकाबले 696.47 अंकों (6.61 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 9,839.69 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 9,799.45 के निम्नतम स्तर पर भी पहुंचा।
बीएसई के मिडकैप सूचकांकों में भी गिरावट का रुख रहा। मिडकैप सूचकांक 118.39 अंकों (3.4 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 3,356.70 पर बंद हुआ। स्मालकैप सूचकांक भी 100.02 अंकों (2.51 प्रतिशत) की गिरावट के बाद 3,888.01 पर बंद हुआ।
नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' भी 209.60 अंकों (6.66 फीसदी) की गिरावट के बाद 2,938.65 पर बंद हुआ। निफ्टी आज सुबह कल के मुकाबले 1.05 अंकों की मामूली गिरावट के साथ 3,147.20 पर खुला। कारोबार के दौरान यह 2,919.45 के निम्नतम स्तर पर भी पहुंचा था।
दिन के करोबार का रुख मंगलवार को नकारात्मक रहा और बीएसई की 1766 कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। केवल 766 कंपनियों के शेयरों में ही तेजी का रुख रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।