भारत ने कहा, मालदीव के साथ संबंध पूर्ववत
माले, 10 नवंबर (आईएएनएस)। मालदीव में चीनी हितों से खतरे की आशंका को खारिज करते हुए भारत ने सोमवार को कहा कि हिंद महासागर के इस द्वीप समूह के साथ उसका संबंध नए लोकतांत्रिक शासन में भी मजबूत बना रहेगा।
माले, 10 नवंबर (आईएएनएस)। मालदीव में चीनी हितों से खतरे की आशंका को खारिज करते हुए भारत ने सोमवार को कहा कि हिंद महासागर के इस द्वीप समूह के साथ उसका संबंध नए लोकतांत्रिक शासन में भी मजबूत बना रहेगा।
मालदीव में आए लोकतांत्रिक बदलाव की चर्चा करते हुए उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी ने कहा कि यहां की बहुदलीय चुनाव प्रणाली का भारत में स्वागत किया गया है। बहुदलीय चुनाव प्रणाली से पूर्व राजनीतिक बंदी मोहम्मद नशीद के हाथों में सत्ता आई है।
नशीद के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए विशेष विमान से माले जा रहे उपराष्ट्रपति ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "भारत में इसका स्वागत किया गया है। भारत का मालदीव के साथ संबंध अब भी काफी करीबी है।"
नशीद ने 28 अक्टूबर को हुए चुनाव में एशिया में सबसे अधिक दिनों तक सत्ता में रहे महमूद अब्दुल गयूम को सत्ता से बेदखल कर दिया था।
मालदीव और भारत के संबंधों के बारे में पूछे गए एक सवाल पर अंसारी ने कहा, "कोई बदलाव नहीं होगा। पहले हमें हालात को देखने दीजिए।"
अंसारी दो दिवसीय यात्रा पर सोमवार को माले पहुंचे। यहां के अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्लाह शाहिद ने उनकी अगुवानी की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।