बर्लिन की दीवार गिरना जर्मनों के लिए यादगार लम्हा
बर्लिन, 10 नवंबर (आईएएनएस)। जर्मनी में 19 वर्ष पहले बर्लिन की दीवार ढहाए जाने की सालगिरह के मौके पर रविवार को पश्चिम बर्लिन के पूर्व मेयर वाल्टर मोम्पर ने इसे जर्मन लोगों के लिए एक आश्चर्यजनक तोहफा बताया। मोम्पर वर्ष 1989 से वर्ष 1991 तक पश्चिम बर्लिन के मेयर रहे थे।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार नौ नवंबर को जर्मनी के लिए भाग्यशाली तिथि माना जाता है, क्योंकि इसी दिन 1918 में राजशाही का अंत होकर जर्मन गणराज्य की नींव पड़ी थी।
गौरतलब है कि 1989 में हफ्ते भर चले प्रदर्शनों के बाद पूर्वी जर्मनी के अधिकारियों ने नौ नवंबर को घोषणा कर दी कि उनके नागरिक दीवार पारकर पश्चिम जर्मनी में जा सकते हैं। इसके कुछ महीने के भीतर ही बर्लिन की दीवार ढहा दी गई और पूर्वी तथा पश्चिमी जर्मनी एक हो गए।
बर्लिन की दीवार अब समाप्त हो चुकी है लेकिन इसके कुछ बचे हुए हिस्से पर्यटकों के आकर्षण का बड़ा केंद्र हैं। बर्लिन की दीवार 1961 से 1989 तक कायम रही। इसका निर्माण पूर्वी जर्मनी के नागरिकों को पश्चिमी जर्मनी जाने से रोकने के लिए कराया गया था।
इसके पहले पूर्वी जर्मनी के नागरिक अपने देश की सीमा में स्थित इमारतों में प्रवेश करते और पश्चिम बर्लिन में पड़ने वाली उनकी खिड़कियों से निकल जाते थे। कम्युनिस्ट शासन ने इस इमारतों को गिराकर उनके स्थान पर बर्लिन की दीवार खड़ी कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।