प्रतापगढ़ में भाजपा नेता की गिरफ्तारी के विरोध में आंदोलन की घोषणा
लखनऊ, 10 नवंबर(आईएएनएस) उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस द्वारा भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के जिला उपाध्यक्ष की पिटाई और उसके बाद की गई गिरफ्तारी के विरोध में भाजपा की जिला इकाई ने आंदोलन की घोषणा की है।
सूत्रों के मुताबिक भाजपा की जिला इकाई के उपाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह की रविवार शाम शहर के भंगवा चुंगी चौराहे पर शहर कोतवाल एन.के.सिंह ने पिटाई की थी।
भाजपा के जिला अध्यक्ष दूधनाथ सिंह ने आईएएनएस को बताया कि पुलिस ने शैलेंद्र सिंह के साथ दुर्व्यवहार किया है। इसके विरोध में भाजपा मंगलवार को पूरे जिले में विरोध प्रदर्शन आयोजित करेगी।
दूसरी ओर पुलिस अधीक्षक अजय श्रीवास्तव ने बताया कि शैलेंद्र सिंह के चाचा को विद्युत विभाग की शिकायत पर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसी मामले में शैलेंद्र सिंह थाने पहुंचे और वहां पुलिस कर्मियों के साथ उलझ गए। उन्होंने सरकारी काम में बाधा डालने की कोशिश की। इस कारण उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।