कांग्रेस के विज्ञापन में छपे तिरंगे पर रुड़ी ने साधा निशाना
भोपाल 10 नवंबर (आईएएनएस)। चन्द्रयान अभियान की सफलता पर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी किए गए विज्ञापन में दिखाए गए तिरंगे में चक्र नहीं होने पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रुड़ी ने कांग्रेस की कड़ी आलोचना की।
उन्होंने कहा है कि यह सफलता राष्ट्र के वैज्ञानिकों की है और इसका श्रेय भी उन्हें ही दिया जाना चाहिए। किसी राजनैतिक दल द्वारा इसका श्रेय लेने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। लिहाजा झंडे में चक्र का प्रदर्शन अनिवार्य था।
मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की ओर से विशेष तौर पर तैनात किए गए रुड़ी ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कांग्रेस कमेटी के अखबारों में प्रकाशित उस विज्ञापन को दिखाया जिसमें चन्द्रयान पर तिरंगा लहराते हुए मुद्रित किया गया है। इस तिरंगे में चक्र गायब है।
रुड़ी ने अटल बिहारी वाजपेयी के शासन काल में हुए पोखरण परमाणु विस्फोट को देश की सबसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि उनकी सरकार ने इस सफलता का श्रेय वैज्ञानिकों को दिया था। चन्द्रयान की सफलता का श्रेय भी वैज्ञानिकों को ही दिया जाना चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता रुड़ी का मानना है कि साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के मामले में जो कुछ भी हो रहा है उसने सरकारी आतंकवाद के नए चेहरे को सामने ला दिया है। एक तरफ अफजल गुरुजैसे व्यक्ति को निचली अदालत से लेकर सर्वोच्च न्यायालय तक फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद सरकार उसमें अड़ंगेबाजी करती है। वहीं दूसरी ओर प्रज्ञा ठाकुर के मामले में जांच पूरी हुए बिना विभिन्न परीक्षणों का दौर चल रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।