विस चुनाव: मप्र में कांग्रेस और भाजपा को 1-1 सीट का नुकसान
भोपाल 10 नवंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए दाखिल किए गए नामांकन पत्रों में चूक ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस को एक-एक विधान सभा क्षेत्र में उम्मीदवार विहीन कर दिया है। इन दोनों ही दलों के दो अधिकृत उम्मीदवारों के नामांकन रद्द हो चुके हैं।
रायसेन जिले के सिलवानी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस ने जसवंत सिंह को अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया था। जसवंत सिंह ने अपने नामांकन पत्र के साथ फार्म अ तथा ब संलग्न नहीं किया। परिणामस्वरूप उनका नामांकन ही रद्द कर दिया गया। ऐसा ही कुछ गुना से भाजपा के प्रत्याशी गोपीलाल जाटव के साथ हुआ। इन्होंने नामांकन पत्र के साथ दूसरे विधानसभा क्षेत्र की प्रतिभूति राशि की रसीद संलग्न कर दी थी।
चुनाव नियम के मुताबिक उम्मीदवार जिस क्षेत्र से नामांकन भरता है उसे उसी क्षेत्र की प्रतिभूति राशि की रसीद जमा करना होती है। इसमें गोपीलाल चूक गए। इस कारण उनका नामांकन भी रद्द कर दिया गया।
भाजपा और कांग्रेस अपने अधिकृत उम्मीदवारों का नामांकन रद्द होने के बाद अभी यह फैसला नहीं ले पाए हैं कि उनका अगला कदम क्या होगा। दोनों ही दलों ने समझौते के तहत एक-एक विधान सभा क्षेत्र अन्य दल के लिए छोड़ रखा है। अब दोनों ही प्रमुख दलों के 228-228 उम्मीदवार ही चुनाव मैदान में रह गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।