अमेरिका से कमजोर मांग के चलते वस्त्रों के निर्यात में गिरावट
नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। मौजूदा वित्तीय संकट के चलते अमेरिका से कमजोर हुई मांग के चलते देश के वस्त्र उद्योग के निर्यात में भारी गिरावट आई है।
नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। मौजूदा वित्तीय संकट के चलते अमेरिका से कमजोर हुई मांग के चलते देश के वस्त्र उद्योग के निर्यात में भारी गिरावट आई है।
उद्योग जगत के अधिकारियों के मुताबिक इस वर्ष कपड़ों के निर्यात में 1.5 अरब डॉलर की कमी आने का अनुमान है। पूर्व में इस वर्ष नौ अरब डॉलर के निर्यात का लक्ष्य तय किया गया था।
भारतीय कपड़ा उद्योग परिसंघ के अध्यक्ष आर.के. डालमिया ने आईएएनएस से कहा, "इस वर्ष निर्यात के आर्डर बिलकुल नहीं हैं और मशीनें खाली पड़ी हैं। निर्यातकों को आशा है कि सरकार उनकी मदद के लिए आगे आएगी।"
वस्त्र निर्यात संवर्धन परिषद की कार्यकारी समिति के सदस्य एच.के.एल. मागु ने कहा, "बाजार का रुझान बहुत खराब है। वैसे भी मंदी के दौर में लोग कपड़ों पर कम खर्च करते हैं।"
एक प्रमुख कपड़ा निर्यातक फर्म के वित्तीय अधिकारी ने कहा कि अमेरिका को होने वाले निर्यात पर बुरा असर पड़ा है और अब उसका प्रभाव यूरोप को होने वाले निर्यात पर भी दिखने लगा है।
इस समय निर्यातक भारी दबाव से गुजर रहे हैं। अमेरिका जैसे बड़े खरीदार देश में विक्रेताओं द्वाारा छूट पर कपड़े बेचे जाने के कारण भारत में निर्यातकों पर अपनी कीमतें कम करने का दबाव पड़ रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**