शोभराज की उम्मीदों को लगा धक्का (लीड-1)
काठमांडू, 9 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी पर्यटक की हत्या के आरोपी चार्ल्स शोभराज के लिए रविवार का दिन मायूसी भरा साबित हुआ। नेपाल की केंद्रीय जेल में बंद शोभराज की याचिका पर सुनवाई को सर्वोच्च न्यायालय ने एक महीने के लिए टाल दिया।
'बिकनी किलर' के नाम से कुख्यात शोभराज को अब याचिका पर सुनवाई के लिए आठ दिसंबर तक इंतजार करना होगा।
दरअसल वर्ष 2005 में काठमांडू की जिला अदालत ने शोभराज की याचिका को खारिज कर दिया था। इसके बाद उसने आखिरी उम्मीद में नेपाल के सर्वोच्च न्यायालय में गुहार लगाई।
अगर नेपाल की सर्वोच्च न्यायालय शोभराज की याचिका खारिज कर देती है तो अभी उसे कम से कम 10 वर्ष जेल में रहना पड़ सकता है।
गौरतलब है कि 64 वर्षीय शोभराज पर आरोप है कि उसने वर्ष 1975 में अमेरिकी पर्यटक कोनी जो ब्रोंजिक की हत्या कर दी थी। उसे वर्ष 2003 में काठमांडू के एक जुआघर से गिरफ्तार किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।