बिहार बाढ़ पीड़ितों के लिए कलाकार सुबोध गुप्ता की पहल
नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए कलाकार सुबोध गुप्ता ने अनूठी पहल की है। गुप्ता ने इसके लिए कलाकृतियों की नीलामी की एक योजना तैयार की है।
इस नीलामी से आने वाली धनराशि बिहार पीड़ितों की मदद के लिए दी जाएगी। गुप्ता खुद बिहार में पटना के नजदीक खगौल के मूल निवासी हैं।
'द बिहार फ्लड आक्शन' नामक यह नीलामी राजधानी दिल्ली से सटे गुड़गांव में 11 व 12 नवंबर को दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित की जाएगी। नीलामी में शामिल की जाने वाली कलाकृतियों का प्रदर्शन शनिवार से ही शुरू हो गया।
गुप्ता ने आईएएनएस को बताया कि "मैं बिहार पीड़ितों की मदद के लिए लंबे समय से योजना बना रहा था। लिहाजा मैंने कला क्षेत्र से जुड़े अपने पुराने मित्रों से संपर्क किया और वे इस नीलामी के लिए अपनी कलाकृतियां देने को राजी हो गए।''
गुप्ता ने बताया कि इस नीलामी में सैफ्रान आर्ट, नेचर मोर्टे गैलरी के पीटर नागी व गुड़गांव स्थित ट्राइडेंट होटल का सहयोग मिल रहा है। इस नीलामी के लिए कुल 31 कलाकारों ने अपनी कलाकृतियां दी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।