हैती में विद्यालय की इमारत ढही, 30 मरे, 100 से अधिक घायल (लीड-1)
पोर्ट उप्रिंस, 8 नवंबर (आईएएनएस)। हैती में एक विद्यालय की इमारत ढहने से कम से 30 छात्रों की मौत हो गई और 100 से अधिक घायल हो गए।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार राजधानी पोर्ट उप्रिंस के उपनगरीय इलाके पेसन विले में शुक्रवार को यह दुर्घटना हुई।
पेसन विले स्थित नेरेटी इलाके में शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे 'इवानजेलिकल प्रामिस स्कूल' की तिमंजिली इमारत ढह गई। हादसे के समय विद्यालय परिसर में लगभग 700 छात्र मौजूद थे।
पेसन विले के मेयर क्लेयर लाइडे ने बताया कि मृतकों की संख्या के बारे में अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता है।
माना जा रहा है कि अभी भी कई बच्चों के मलबे में दबे होने की आशंका है। हैती स्थित रेड क्रास के अध्यक्ष मिशेल गेडेओन ने बताया कि दुर्घटना के समय अधिकतर छात्र कक्षाओं में ही थे।
राहतकर्मी शुक्रवार रात तक मलबे से बच्चों को निकाल रहे थे। गेडओन का मानना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। अभी तक इमारत ढहने के कारणों के बारे में पता नहीं चल पाया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*