मुलायम-अमर की हुई सोनिया से मुलाकात
नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया मुलायम सिंह यादव व पार्टी के महासचिव अमर सिंह ने शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके 10 जनपथ स्थित सरकारी आवास पर मुलाकात की।
सूत्रों के मुताबिक सपा नेताओं और कांग्रेस अध्यक्ष के बीच उत्तरप्रदेश से खाली हो रही राज्यसभा की सीटों के बारे चर्चा हुई। इस बारे में पूछे जाने पर पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा, "कई राज्यों में विधानसभा चुनाव हैं और साथ ही उत्तरप्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए हमारा सीटों का तालमेल भी होना है। राज्यसभा के भी चुनाव हैं। और भी कई मुद्दे हैं बातचीत के लिए।"
उल्लेखनीय है कि उत्तरप्रदेश से राज्यसभा की 10 सीटें खाली हो रही हैं। इनमें से छह सीटें बहुजन समाज पार्टी (बसपा), दो सीटें सपा और एक सीट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिलना तय माना जा रहा है। शेष बची एक सीट के लिए सपा और कांग्रेस में सौदेबाजी चल रही है। कांग्रेस इस सीट पर अपनी दावेदारी जता रही है।
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस चाहती है कि सपा यह सीट छोड़ दे। इसके बदले कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए दोनों दलों के बीच हो रही बातचीत में किसी एक सीट पर समझौते को तैयार है। कांग्रेस सलमान खुर्शीद को राज्यसभा भेजना चाहती है।
बसपा के तो सभी छह उम्मीदवारों ने शुक्रवार को राज्यसभा के लिए नामांकन भी दाखिल कर दिया। भाजपा ने उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की बेहद करीबी माने जाने वाली कुसुम राय को अपना उम्मीदवार बनाया है। सपा की ओर से अमर सिंह व लोकसभा में पार्टी संसदीय दल के नेता रामगोपाल यादव ने नामांकन दाखिल किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*