चैंपियंस गोल्फ : बारिश से नहीं हो सका दूसरे दिन का खेल
शंघाई, 7 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के स्टार गोल्फर जीव मिल्खा सिंह 50 लाख डॉलर इनामी एचएसबीसी चैंपियंस गोल्फ टूर्नामेंट के पहले दौर के बाद संयुक्त रूप से 24वें स्थान पर चल रहे हैं।
पहला दौर गुरुवार को खेला गया था जबकि शुक्रवार को बारिश के कारण दूसरे दिन का खेल संभव नहीं हो सका। दूसरे दौर का खेल अब शनिवार सुबह होगा।
पहले दौर की शुरुआत में जीव ने ठंड के बावजूद अच्छी शुरुआत करते हुए दो-अंडर 70 का स्कोर हासिल किया था।
टूर्नामेंट में शिरकत कर रहे भारत के एक अन्य गोल्फर एस.एस.पी. चौरसिया चार-ओवर 76 स्कोर के साथ संयुक्त रूप से 65वां स्थान हासिल करने में सफल रहे थे।
स्वीडन के हेनरिक स्टेनसन सात-अंडर पार 65 स्कोर के साथ पहले स्थान पर चल रहे हैं। स्टेनसन ने छह बोगियां और एक ईगल लगाकर अपना वर्चस्व कायम किया था।
दूसरी ओर, जीव ने बोगी के साथ शुरुआत की लेकिन जल्द ही वे बर्डी लगाने में कामयाब रहे थे। जीव ने दूसरे, सातवें, 12वें और 13वें होल पर बर्डी लगाई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।